पुलिसकर्मी की लाठी से युवक की पिटाई का वीडियो वायरल

इंदौर. राऊ थाना क्षेत्र में एक युवक की पुलिसकर्मी द्वारा लाठी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंच गया है. वायरल वीडियो में एक पुलिसकर्मी एक युवक को लाठी से पीटता दिखाई दे रहा है. पिटाई का शिकार युवक पान दुकान संचालक बताया जा रहा है. उसने संबंधित पुलिसकर्मियों पर हर महीने 25 हजार रुपए मांगने और रकम नहीं देने पर मारपीट व झूठे मामले में फंसाने की धमकी देने के आरोप लगाए हैं.

वायरल वीडियो में युवक के साथ लाठी से मारपीट होती दिखाई दे रही है. युवक का आरोप है कि राऊ थाने में पदस्थ एएसआई अनुज कुमार झा और उनके ड्राइवर नीलेश उससे हर महीने 25 हजार रुपए की मांग करते थे. रकम देने से इनकार करने पर उसके साथ गाली गलौज की जाती थी. पीड़ित ने आरोप लगाया कि इसी विवाद के दौरान उसके साथ लाठी से मारपीट की गई और उसे झूठे केस में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी गई. फिलहाल वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम और युवक द्वारा लगाए गए वसूली के आरोपों की जांच की जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट होगी.

वीडियो सामने आने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने लिया संज्ञान…

सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया. डीसीपी ने वीडियो की सत्यता और उसमें दिखाई दे रहे घटनाक्रम की जांच के निर्देश दिए हैं. जांच में संबंधित पुलिसकर्मियों की भूमिका, युवक के आरोपों और वीडियो से जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जाएगी.

जांच के बाद होगी कार्रवाईः डीसीपी नरेंद्र रावत

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो और शिकायत से जुड़े तथ्यों की जांच कराई जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

Next Post

मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण, औषधियों के नमूने जांच के लिए लिए गए

Mon Sep 21 , 2026
सीधी । कलेक्टर विकास मिश्रा के निर्देश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अशोक खरे के मार्गदर्शन में जिले में औषधियों के अवैध विक्रय एवं नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में औषधि निरीक्षक कृष्णकांत मरावी द्वारा 16 एवं 17 सितम्बर को सम्राट चौक सीधी स्थित […]

You May Like