नागपुर, 03 मई (वार्ता) महाराष्ट्र के नागपुर जिले की भीवापुर तहसील के धामनगांव गांव में कथित रूप से कचरा जलाने से लगी भीषण आग में लगभग 50 घर जलकर खाक हो गए जिससे कई परिवार बेघर हो गए और संपत्ति एवं पशुधन का भारी नुकसान हुआ। यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी।
यह घटना शनिवार शाम करीब लगभग 6:30 बजे भीवापुर से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित धामनगांव (विद्या मंदिर) में घटी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग पास के एक खेत में कचरे में आग लगाने से लगी, जो दिन भर सुलगती रही और शाम को तेज हवाओं के कारण भड़क उठी।
सूखी वनस्पति और पास-पास बनी इमारतों के कारण आग तेजी से आसपास के घरों में फैल गई और थोड़े ही समय में गांव के एक बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों ने उपलब्ध पानी और संसाधनों का उपयोग करके आग बुझाने की बहुत कोशिश की लेकिन आग की तीव्रता के कारण इसे नियंत्रित करना मुश्किल हो गया।
इलाके में दहशत फैल गई क्योंकि निवासी अपने घरों और मवेशियों को बचाने की कोशिश कर रहे थे। खबरों के अनुसार, कई जानवर जलकर मर गए जबकि साइकिल, दोपहिया वाहन और ऑटो-रिक्शा समेत कई वाहन राख हो गए।
भीवापुर, उमरेड, भीसी और पड़ोसी चंद्रपुर जिले के चिमूर समेत कई हिस्सों से दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। हालांकि, उनके पहुंचने तक गांव का एक बड़ा हिस्सा नष्ट हो चुका था।
अधिकारियों ने कहा कि आग पर रात करीब 9:30 बजे काबू पा लिया गया। अधिकारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं, जबकि प्रभावित लोगों को आग में अपने घर और सामान खोने के बाद अपने जीवन को फिर से शुरू करने के लिए कठिन चुनौती का सामना करना पड़ रहा है।
