
भोपाल। मध्यप्रदेश में सोमवार को भारी बारिश, बाढ़ और नदियों-नालों के उफान से बनी आपात स्थिति के बीच राज्य आपदा आपातकालीन प्रतिक्रिया बल (एसडीईआरएफ) और होमगार्ड की टीमों ने विभिन्न जिलों में अभियान चलाकर 98 लोगों को सुरक्षित बचाया। इस दौरान सात मवेशियों और चार घरेलू पशुओं को भी रेस्क्यू किया गया।
होमगार्ड, सिविल डिफेंस एवं आपदा प्रबंधन की महानिदेशक प्रज्ञा ऋचा श्रीवास्तव ने बताया कि भोपाल स्थित एसडीईआरएफ मुख्यालय के निर्देशन में प्रभावित क्षेत्रों में लगातार बचाव अभियान चलाए गए।
सीहोर के जमनी गांव में बाढ़ का पानी बढ़ने से फंसी एक गर्भवती महिला सहित चार लोगों को सुरक्षित निकाला गया। भोपाल के बालमपुर क्षेत्र में बांध की दीवार टूटने के बाद 19 लोगों और चार पालतू पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। विदिशा में महिलाओं और बच्चों सहित 15 मजदूरों का रेस्क्यू किया गया।
ओंकारेश्वर के अभयपुरी घाट पर एसडीईआरएफ जवान तेजपाल और बलबहादुर ने तेज बहाव में बह रहे तीन श्रद्धालुओं को बचाया। संवेदनशील जिलों में क्यूआरटी, नावों और बचाव उपकरणों को हाई अलर्ट पर रखा गया है।
