पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में मंगलवार को बलूचिस्तान नेशनल पार्टी (बीएनपी) की एक रैली के नजदीक जोरदार धमाका हुआ। इस विस्फोट में लगभग 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 35 लोग घायल बताए जा रहे हैं। एक्सप्रेस ट्रिब्यून की रिपोर्ट के अनुसार, यह धमाका शाहवानी स्टेडियम के पास उस समय हुआ जब सरदार अताउल्लाह मेंगल की चौथी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम का समापन ही हुआ था।
बलूचिस्तान के स्वास्थ्य मंत्री बख्त मुहम्मद काकर ने हादसे में मरने और घायल हुए लोगों के आंकड़े जारी किए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच से यह बात सामने आई है कि हमला दरअसल बीएनपी नेता अख्तर मेंगल और उनके काफिले को निशाना बनाकर किया गया था।
