नयी दिल्ली, (वार्ता) प्रतिस्पर्धा आयोग ने निजी क्षेत्र के येस बैंक की कुछ शेयर पूंजी और वोटिंग अधिकार के जापान के सुमितोमो मित्सू बैंकिंग कॉर्पोरेशन (एसएमबीसी) द्वारा अधिग्रहण की योजना को मंजूरी प्रदान कर दी है।
एसएमबीसी एक जापानी बैंक है, जिसकी नयी दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और गांधीनगर स्थित गिफ्टी सिटी में शाखायें हैं। वह सुमितोमो मित्सू फाइनेंशियर ग्रुप की पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई है। उसे भारत में ऋण देने, जमा स्वीकार करने और लेटर ऑफ क्रेडिट जारी करने की अनुमति है।
आयोग ने एक अन्य प्रस्ताव को मंजूरी दी है, जिसके तहत सह्याद्रि हॉस्पिटल की शत-प्रतिशत पूंजी का मणिपाल हॉस्पिटल द्वारा अधिग्रहण किया जायेगा।
मल्टी-स्पेशलिटी स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने वाले मणिपाल हॉस्पिटल की देश के कई शहरों में शाखायें हैं। सह्याद्रि हॉस्पिटल की महाराष्ट्र के पुणे, नासिक, अहिल्या नगर और कराद में शाखायें हैं।
