नयी दिल्ली 21 सितम्बर (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को यहां राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के नारकोटिक्स रोधी कार्य बल प्रमुखों के तीसरे राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
इस अवसर पर श्री शाह मादक पदार्थों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने वाले टेलीविजन विज्ञापन का विमोचन करेंगे तथा लखनऊ और देहरादून में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के नए क्षेत्रीय परिसर की आधारशिला रखेंगे। कार्यक्रम के दौरान राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कार्य बलों को भी सम्मानित किया जाएगा।
इसके साथ ही केन्द्रीय गृह मंत्री द्वारा नए स्वरूप में तैयार ब्यूरो की वेबसाइट का शुभारंभ भी किया जाएगा। ब्यूरो द्वारा आयोजित इस दो दिवसीय सम्मेलन में 36 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कार्य बल प्रमुखों के साथ-साथ संबंधित सरकारी विभागों और अन्य हितधारकों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और श्री शाह के मार्गदर्शन में सरकार देश के युवाओं को नशे के दुष्प्रभाव से बचाने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने 2047 में विकसित भारत का लक्ष्य रखा है और नशामुक्त भारत के निर्माण के बिना विकसित भारत का निर्माण संभव नहीं है।
यह सम्मेलन देश की आने वाली पीढ़ियों को नशे के खतरे से बचाने के लिए एक सशक्त माध्यम के रूप में काम करेगा। “सामूहिक संकल्प, साझा दायित्व” थीम पर आधारित यह सम्मेलन, हाल ही में नारकोटिक्स नियंत्रण के लिए जारी विज़न दस्तावेज (2026-29) में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के कार्य बलों के लिए निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति और देशभर में मादक पदार्थों की तस्करी और नशीली दवाओं के दुरुपयोग से निपटने के लिए संबंधित हितधारकों द्वारा किए गए प्रयासों पर केंद्रित होगा। सरकार द्वारा सप्लाई रिडक्शन, डिमांड रिडक्शन और हार्म रिडक्शन से संबंधित उपायों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए उपयुक्त रणनीतियों की पहचान और उनके क्रियान्वयन से जुड़े मुद्दों पर भी सम्मेलन के दौरान प्रमुखता से विचार-विमर्श होगा।
इस राष्ट्रीय सम्मेलन में भाग लेने वाले राज्यों, विभागों और एजेंसियों को ‘संपूर्ण सरकार दृष्टिकोण’ के तहत अगले तीन वर्षों के दौरान देशभर में ड्रग्स की तस्करी से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए नए संकल्प के साथ आगे बढ़ने में सहायता मिलेगी।
सम्मेलन के दौरान किए गए विचार-विमर्श से ड्रग्स नियंत्रण संबंधी कानूनों के प्रभावी प्रवर्तन को और सुदृढ़ करने और देश के युवाओं को ड्रग्स से दूर रखने के लिए अपनाई जा रही रणनीतियों को और अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी। यह राष्ट्रीय आयोजन ड्रग्स के दुरुपयोग से निपटने और नशा-मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने के लिए एनसीबी तथा राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के कार्य बलों के बीच भविष्य के लिए तैयार साझेदारी को और मजबूत करने का एक प्रभावी मंच प्रदान करेगा।

