नवी मुंबई, 11 सितंबर (वार्ता) केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) और केंद्रीय उत्पाद शुल्क, रायगढ़ के आयुक्त कार्यालय में विभागीय अधीक्षक तथा एक सीजीएसटी सलाहकार को रिश्वत मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
सीबीआई की विज्ञप्ति के अनुसार, न्यू पनवेल स्थित एक निजी रियल्टी कंपनी के प्रोजेक्ट प्रमुख की शिकायत के आधार पर गत 9 सितंबर को मामला दर्ज किया गया। रियल्टी कंपनी न्यू पनवेल के सेक्टर 17 में दो इमारतों को बनाने का काम कर रही है, जिसमें से 24 फ्लैट रायगढ़ सीजीएसटी आयुक्त कार्यालय के स्वामित्व में हैं।
शिकायत में आरोप लगाया गया कि आरोपी विभागीय अधीक्षक ने निर्माण कार्य के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने और फ्लैटों को सौंपने के एवज में एक करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायत के सत्यापन के दौरान, आरोपी अधिकारी ने 10 लाख रुपये नकद, 20 लाख रुपये एक फ्लैट के डाउनपेमेंट के रूप में और शेष 70 लाख रुपये बाद के चरण में देने की मांग की।
सीबीआई ने मामले की जानकारी मिलने के बाद 10 सितंबर 2026 को जाल बिछाया। जब आरोपी अधीक्षक ने शिकायतकर्ता को 10 लाख रुपये की राशि वहां मौजूद सीजीएसटी सलाहकार को सौंपने का निर्देश दिया। सीबीआई ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और 11 सितंबर को सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें दो दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।
