
अनूपपुर, जैतहरी थाना क्षेत्र में 22 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 48 घंटे के भीतर कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार मृतक के चचेरे भाई और मुख्य आरोपी की चचेरी बहन के बीच पूर्व में रहे प्रेम संबंध को लेकर पुरानी रंजिश थी। इसी बात को लेकर 23 सितंबर की रात शराब पीने के दौरान विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपी ने मृतक और उसके दो दोस्तों के साथ मारपीट की। मृतक के दोनों दोस्त मौके से भाग निकले, जबकि आरोपी ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और बेल्ट से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में शव को ईको कार से जंगल में ले जाकर फेंक दिया गया।
गणेश विसर्जन के लिए निकला था युवक
पुलिस के मुताबिक 24 सितंबर को प्रेमलाल कोल निवासी सिवनी डोंगरी टोला, थाना जैतहरी ने अपने 22 वर्षीय पुत्र गोवर्धन कोल के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार गोवर्धन 23 सितंबर की शाम गणेश विसर्जन के लिए मोटरसाइकिल से घर से निकला था। रात करीब 10 बजे परिजनों को जानकारी मिली कि गोवर्धन के साथ कुछ लोग मारपीट कर रहे हैं। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। अगले दिन मंडल के बगीचे के पास गोवर्धन की मोटरसाइकिल का टूटा हुआ क्लच केबल और दोनों पैरों की चप्पलें मिलीं। बाइक घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मिली। संदिग्ध परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने तलाश अभियान तेज किया।
जंगल की झाड़ियों में मिला शव
तलाश के दौरान पुलिस को गोवर्धन का शव बदनहाई डोंगरी सिवनी के जंगल में झाड़ियों के बीच मिला। घटनास्थल का एफएसएल अधिकारियों और डॉग स्क्वॉड की मौजूदगी में निरीक्षण कराया गया। पुलिस ने घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई और नक्शा मौका तैयार किया। शव का पंचनामा बनाकर जैतहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम कराया गया। जांच के दौरान पुलिस ने हत्या और साक्ष्य छिपाने से संबंधित धाराएं बढ़ाईं। मृतक के अनुसूचित जनजाति वर्ग से होने के आधार पर प्रकरण में एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
शराब पीने के दौरान सामने आई पुरानी बात
पुलिस के अनुसार जांच और पूछताछ में सामने आया कि मृतक के चचेरे भाई तथा मुख्य आरोपी की चचेरी बहन के बीच पूर्व में प्रेम संबंध था। इसी बात को लेकर आरोपी के मन में रंजिश थी। 23 सितंबर की रात मृतक अपने दो दोस्तों और आरोपी के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान पुरानी बात को लेकर चर्चा शुरू हुई और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी ने बेल्ट से तीनों युवकों के साथ मारपीट की। इस दौरान मृतक के दोनों दोस्त मौके से भाग निकले। गोवर्धन भी मोटरसाइकिल से वहां से निकलने लगा, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा कर मंडल के बगीचे के पास उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने बेल्ट से उसका गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार वारदात के बाद आरोपी ने अपने पिता को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद आरोपी का पिता ईको कार लेकर मौके पर पहुंचा। शव को कार में रखने के बाद उसे साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से जंगल में ले जाकर फेंक दिया गया।
पांच आरोपी गिरफ्तार, सामग्री जब्त
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सूरज राठौर, राहुल सिंह राठौर, तेजराज राठौर, दिनेश गोड और राहुल राठौर, सभी निवासी सिवनी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कथित तौर पर घटना में प्रयुक्त आला-जरब, घटना के समय पहने गए कपड़े, मोटरसाइकिल, ईको कार और मृतक का पर्स सहित अन्य सामग्री जब्त की है। सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय अनूपपुर में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना जारी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गोकुलानंद पाण्डेय, चौकी प्रभारी उनि प्रवीण साहू, उपनिरीक्षक अमरलाल यादव, सुरेश अहिरवार, जेपीएच तिर्की, सहायक उपनिरीक्षक मणिराज सिंह, सुरेश कुमार कोरी, जयसिंह, श्रीश्याम शुक्ला सहित पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
