इंदौर: सिमरोल थाना क्षेत्र में मंदिरों में चोरी की वारदात करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी पहचान छुपाने के लिए चेहरे पर मास्क बांधकर चोरी की स्कूटी से वारदात करते थे. पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी का पीतल का घंटा और वारदात में प्रयोग स्कूटी जब्त की है.सिमरोल थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि क्षेत्र के ग्राम चोरल स्थित परमहंस आश्रम के शिव मंदिर से गुरुवार 12 फरवरी की रात अज्ञात चोरों ने मंदिर का दरवाजा खोलकर पीतल का घंटा चोरी कर लिया था.
इस मामले में पुलिस ने प्रकरण दर्ज किया था. इसके बाद 4 मार्च को ग्राम मेंमदी के हनुमान मंदिर से पीतल का घंटा और तांबे का लोटा तथा ग्राम दतोदा के गणेश मंदिर से पीतल का एक घंटा और एक घंटी चोरी होने की घटना सामने आई, जिस पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई. वरिष्ठ आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई.जांच के दौरान पुलिस ने कई स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. फुटेज में आरोपी बिना नंबर की स्कूटी से आते और चेहरे को मफलर व मास्क से ढंककर वारदात करते दिखाई दिए. पुलिस ने संदिग्धों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्रों में भी फुटेज दिखाए. इसी बीच मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने तलाइनाका तिराहा पर घेराबंदी कर महू की ओर से आ रही सफेद एक्टिवा स्कूटी को रोका. स्कूटी पर सवार दो युवकों की तलाशी लेने पर उनके पास से करीब 24-25 किलो वजनी पीतल का मंदिर का घंटा मिला.
पूछताछ में आरोपियों ने परमहंस आश्रम चोरल के शिव मंदिर से घंटा चोरी करना स्वीकार किया. इस पर पुलिस ने आरोपी राहुल मावी उम्र 30 निवासी ग्राम गुंजारा थाना सिमरोल और राज चौहान उम्र 21 साल निवासी ग्राम कोदरिया थाना महू को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ में आरोपियों ने मेंमदी के हनुमान मंदिर और दतोदा के गणेश मंदिर में भी चोरी करना कबूल किया है. वारदात में उपयोग की गई स्कूटी उनके एक साथी द्वारा थाना किशनगंज क्षेत्र से चोरी की गई थी. पुलिस आरोपियों से अन्य मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है, मंगलवार को न्यायालय महू से आरोपियों का पुलिस रिमांड लेकर आगे की पूछताछ के साथ ही चोरी गए अन्य सामान की बरामदगी की जाएगी.
