
सिवनी। जिले के पुलिस थाना उगली अंतर्गत ग्राम उगदीवाड़ा में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान सचिन ठाकुर (पिता संतोष ठाकुर), निवासी छपारा थाना बरघाट के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, उगली से लगभग 25 किलोमीटर दूर स्थित ग्राम उगदीवाड़ा में शनिवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली। तेज आंधी-तूफान और बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं। इसी दौरान सचिन ठाकुर इसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना उगली की टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। हालांकि, इस घटना को लेकर क्षेत्र में अलग-अलग तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं। कुछ स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक की मौत आकाशीय बिजली गिरने से नहीं, बल्कि बिजली के तार के संपर्क में आने (करंट लगने) से हुई है। इस संबंध में जब हमारे संवाददाता ने पुलिस थाना उगली से संपर्क कर जानकारी ली, तो पुलिस ने बताया कि घटना के समय तेज आंधी-तूफान के साथ बिजली भी कड़क रही थी। साथ ही बड़ी लाइन के तार से चिंगारी निकलने की बात भी सामने आई है। मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। इधर, पिछले कुछ दिनों से मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिल रहा है। तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में वृद्धि हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शनिवार को भी दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और इसी दौरान यह हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की जिंदगी असमय काल के गाल में समा गई। ऐसे मौसम में खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहना चाहिए, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।
