
उज्जैन। प्रसिद्ध कथा वाचक जया किशोरी शनिवार को उज्जैन आई। वे सुबह सबसे पहले ज्योतिर्लिंग महाकाल मंदिर में दर्शन करने पहुंची। उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर जाप कर नंदी जी का पूजन किया। पुजारी जितेंद्र शर्मा ने उनका पूजन कराया। मीडिया से चर्चा में जया किशोरी ने महाकाल मंदिर की दर्शन व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने कहा वे पहले बाबा की भस्मारती में शामिल हो चुकी हैं और बार-बार यहां आना चाहती हैं। महाकाल मंदिर से वे प्रसिद्ध गढक़ालिका मंदिर में दर्शन करने पहुंची यहां भी उन्होंने दर्शन-पूजन कर कुछ देर रुककर मां की आराधना की। मंदिर की महिला पुजारी महंत करिश्मा नाथ ने उनका चुनरी ओढ़ाकर स्वागत-सम्मान किया। पुजारी ने उन्हें मंदिर का प्रसाद व मां गढक़ालिका की आकर्षक शृंगार वाली तस्वीर भेंट की। इस अवसर पर पं. श्याम तिवारी भी मौजूद थे। अच्छी वर्षा और जनकल्याण की कामना से महाकाल मंदिर के प्रांगण में शनिवार से सोमयज्ञ शुरू हुआ। अक्षय कृषि परिवार एवं महर्षि सांदीपनि राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान द्वारा छह दिवसीय सोमयज्ञ मंदिर के नि:शुल्क अन्नक्षेत्र के पास किया जा रहा है। इस यज्ञ की मुख्य विशेषता सोमवल्ली वनस्पति है जो पहाडिय़ों से लाई गई है। इस दुर्लभ वनस्पति से तैयार सोमरस की यज्ञ में आहुतियां दी जाएंगी। यज्ञशाला के पास अत्याधुनिक वैज्ञानिक यंत्र स्थापित किए गए हैं। अनुष्ठान में एक अग्निहोत्र दंपत्ति को मुख्य यजमान बनाया है जो छह दिनों तक कठोर उपवास कर यज्ञशाला परिसर में ही रहेंगे। आम श्रद्धालु भी यज्ञ दर्शन के व प्रदक्षिणा कर सकते हैं। वर्ष 2024 में यह अनुष्ठान महाकाल मंदिर परिसर में हुआ था। वर्ष 2025 के बाद इस बार 2026 में अन्नक्षेत्र परिसर में किया जा रहा है।
