ग्वालियर: नगर निगम ग्वालियर के विकास कार्यों की पोल खोलती एक और शर्मसार करने वाली तस्वीर सामने आई है। शहर के ओम नगर (मोहिते गार्डन के पास, विनय नगर) में हाल ही में बनाई गई नई सड़क पर घटिया निर्माण और प्रशासनिक लापरवाही का लाइव नजारा देखने को मिला। स्थिति यह हो गई कि आपातकालीन सेवा के लिए जीवनदायिनी मानी जाने वाली फायर ब्रिगेड अचानक धंसकर बीच सड़क पर फंस गई।
नई सड़क पर गड्ढा बना ‘मौत का कुआं’
स्थानीय नागरिकों के अनुसार, इस क्षेत्र में हाल ही में नई सड़क का निर्माण किया गया था, जिसके तुरंत बाद सड़क पर चैंबर का कार्य दोबारा कराया गया था। कार्य में बरती गई भारी अनियमितता और मानकों की अनदेखी के चलते सड़क चंद दिनों में ही जवाब दे गई।
जब एक भारी-भरकम फायर ब्रिगेड गाड़ी इस मार्ग से गुजरी, तो सड़क का वह हिस्सा अचानक भरभरा कर बैठ गया और गाड़ी का पिछला हिस्सा उसमें धंस गया। गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, अन्यथा यह लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती थी।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
घटना के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई जा रही सड़कें कुछ ही दिनों में उखड़ रही हैं और भ्रष्टाचार के चलते सड़कों पर मौत के गड्ढे बन रहे हैं।
