
रीवा। शासन द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को एक तीर्थस्थान की नि:शुल्क यात्रा कराने के लिए मुख्यमंत्री तीर्थदर्शन योजना लागू की गई है.
इस योजना के द्वारा 60 साल से अधिक आयु के मध्यप्रदेश के निवासी नागरिकों को नि:शुल्क तीर्थयात्रा का एक बार अवसर दिया जाता है. इस योजना के तहत रीवा जिले के 200 बुजुर्गों कों 23 नवम्बर को रामेश्वरम और मदुरई की तीर्थयात्रा का अवसर दिया जा रहा है. इस संबंध में प्रभारी अधिकारी धर्मस्व ने बताया कि तीर्थदर्शन ट्रेन 23 नवम्बर को रीवा रेलवे स्टेशन से रवाना होगी. यह ट्रेन 29 नवम्बर को वापस लौटेगी. इसमें रीवा के 200 बुजुर्गों के साथ-साथ सतना के 200, सीधी 179 तथा मैहर जिले 200 बुजुर्गों को नि:शुल्क तीर्थयात्रा कराई जाएगी. तीर्थयात्रियों को सहयोग देने के लिए प्रत्येक जिले से चार अनुरक्षक भी उनके साथ जाएंगे. आवेदक बुजुर्ग को आयकर दाता नहीं होना चाहिए. पात्र बुजुर्ग अपनी जनपद पंचायत, तहसील कार्यालय अथवा नगरीय निकाय में 9 नवम्बर तक आवेदन कर सकते हैं. निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर लाटरी के माध्यम से तीर्थयात्रियों का चयन किया जाएगा. यात्रा के दौरान सभी तीर्थयात्रियों को ठहरने, भोजन, पानी, चाय और नाश्ते की सुविधा दी जाएगी.
