सिंगरौली: जिला अस्पताल बैढ़न के मे पदस्थ चिकित्सक एक्सिस बैंक के पास गुरुवार को दो कारों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि कारों में सवार बच्चों समेत कुछ लोगों को मामूली चोटें आई हैं। गनीमत रही कि हादसा बड़ा रूप नहीं ले सका।
जानकारी के अनुसार डॉक्टर महेंद्र पटेल अपनी बलेनो कार से बैढ़न की ओर आ रहे थे। इसी दौरान एक्सिस बैंक के पास निवासरत डॉक्टर बालेंदु साह अपने वाहन को घर से निकालकर मुख्य सड़क की ओर आ रहे थे। इसी दौरान दोनों वाहनों के चालकों का एक-दूसरे के वाहन पर ध्यान नहीं गया और अचानक दोनों कारें आपस में टकरा गईं।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बलेनो कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और पलटी कार को उठाकर सड़क किनारे खड़ा कराया। हादसे के दौरान सड़क पार कर रहे लोगों की भीड़ भी मौके पर जमा हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर आवागमन सुचारु कराया। बताया जा रहा है कि कारों में बच्चों समेत सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
