जबलपुर: हाईकोर्ट बार एसोसियेशन जबलपुर के अध्यक्ष पद के प्रत्याशी वरिष्ठ अधिवक्ता मृगेंद्र सिंह द्वारा सिल्वर जुबली हाल में प्रस्तावित डिबेट के आयोजन को चुनाव समिति ने अनुमति देने से इनकार कर दिया है। मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ ने मृगेंद्र सिंह को पत्र भेजकर कहा है कि प्रस्तावित डिबेट स्वघोषित और स्वयं द्वारा निर्धारित कार्यक्रम है। इसके लिए न तो चुनाव समिति और न ही हाईकोर्ट बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी से पूर्व अनुमति ली गई है।
मुख्य चुनाव अधिकारी संजय सेठ ने आठ अगस्त को प्राप्त मृगेंद्र सिंह के पत्र के संदर्भ में कहा कि चुनाव समिति ने पर्यवेक्षकों वरिष्ठ अधिवक्ता मनीष दत्त, जेपी अग्रवाल, अमृत कौर रूपराह, सरला पांडे और बार एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष अमित जैन की उपस्थिति में मामले पर विचार किया। समिति ने सर्वसम्मति से तय किया कि किसी एक प्रत्याशी को एसोसिएशन परिसर में इस तरह की डिबेट आयोजित करने की अनुमति नहीं दी जा सकती।
चुनाव प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका-
पत्र में कहा गया है कि इस तरह की डिबेट का आयोजन पहले कभी नहीं हुआ है। चुनाव समिति के अनुसार कोई भी प्रत्याशी चुनाव समिति और बार एसोसिएशन की कार्यकारिणी की पूर्व अनुमति के बिना परिसर में कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं कर सकता। मुख्य चुनाव अधिकारी ने प्रत्याशी से कार्यक्रम आयोजित नहीं करने और चुनाव प्रक्रिया को सुचारु, निष्पक्ष एवं सौहार्दपूर्ण बनाए रखने में सहयोग करने का अनुरोध किया है।
सभी प्रत्याशी प्रक्रिया का हिस्सा-
चुनाव अधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव को निष्पक्षए सहज और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने की जिम्मेदारी सभी प्रत्याशियों की समान रूप से है। इसलिए किसी एक प्रत्याशी की ओर से स्वयं तय किए गए कार्यक्रम के बजाय निर्धारित चुनाव प्रक्रिया का पालन किया जाना आवश्यक है।
