हरदा: सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 11.07 ग्राम एमडी पाउडर जब्त किया है, जिसकी कीमत करीब सवा दो लाख रुपए बताई जा रही है।पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीओपी शालिनी परस्ते ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी छोटी हरदा क्षेत्र में सर्विस रोड पर बने यात्री प्रतीक्षालय के पास संदिग्ध अवस्था में बैठे हुए थे। ये सभी ग्राहक के इंतजार में थे।
तीन आरोपी गिरफ्तार, दो बाइक और थैली बरामद
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अंकित सोनी उम्र 25 वर्ष हरिनगर साईं मंदिर के पास , सौरभ शर्मा उम्र 26 वर्ष भादूगांव और वसीम खान उम्र 22 वर्ष प्यादापुरा हंडिया के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से एक पीले रंग की थैली और दो बाइक भी जब्त की हैं।एसडीओपी परस्ते ने बताया कि दो आरोपी अन्य जिले से एमडी ड्रग लेकर आए थे, जबकि तीसरा आरोपी उनसे ड्रग खरीदने के लिए मौके पर पहुंचा था। पुलिस के अनुसार, आरोपी अंकित सोनी के खिलाफ पहले भी धारा 498 के तहत मामला दर्ज है। वहीं वसीम खान के खिलाफ हंडिया थाने में तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
