सतना: सतना-चित्रकूट राज्य मार्ग पर बुधवार सुबह मझगवां आरटीओ चेक पोस्ट के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस और ट्रक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में बस चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक यात्री का हाथ टूट गया। बस में सवार अन्य कुछ यात्रियों को भी हल्की चोटें आई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कामदगिरि ट्रेवल्स की बस एमपी-18 पी-0384 बुधवार सुबह सतना से चित्रकूट के लिए रवाना हुई थी। मझगवां स्थित आरटीओ चेक पोस्ट के पास सामने से आ रहे ट्रक से बस की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक स्टीयरिंग में फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में फंसे यात्रियों की मदद शुरू की और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक और घायल यात्री को तत्काल मझगवां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। अन्य घायल यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
प्रभावित हुआ यातायात
हादसे के कारण सतना-चित्रकूट हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
