रीवा: समाज में नशामुक्ति के लिए किए जा रहे प्रयासों को गति देने के लिए 6 अगस्त को दोपहर बाद 3 बजे से कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में प्रजापिता ब्रम्हकुमारी संस्थान द्वारा 10 करोड़ नशामुक्त भारत महाभियान संकल्प एवं विश्व बंधुत्व रक्तदान महादान कार्यक्रम किया जायेगा.कार्यक्रम की तैयारी बैठक कलेक्ट्रेट के मोहन सभागार में आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता करते हुए पुलिस अधीक्षक गुरकरन सिंह ने कहा कि नशामुक्ति भारत महाभियान का संकल्प केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि जन आंदोलन है.
ब्राम्हकुमारी संगठन तथा अन्य सामाजिक संस्थाओं द्वारा समाज हित में किया जा रहा सराहनीय प्रयास है. अभियान को सफल बनाने में हर संभव सहायता दी जाएगी. सभी शिक्षण संस्थाएं तथा कार्यालय अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग करेंगे. बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी ने कहा कि यह अभियान सीमित समय के लिए नहीं है. यह जनजागरण का सतत अभियान बनेगा. अपर कलेक्टर ने प्राचार्यों, शिक्षकों तथा सामाजिक संगठन के प्रतिनिधियों से युवाओं के बीच नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने का आह्वान किया. बैठक में संयुक्त संचालक अनिल दुबे ने जानकारी दी.
