
भोपाल। राजधानी में गुफा मंदिर लाल घाटी स्थित मानस गार्डन में अग्रवाल समाज द्वारा भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। श्री अग्रवाल स्नेह सम्मेलन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाजजन शामिल हुए।
समिति के प्रवक्ता रिंकेश सिंहल ने बताया कि अग्रवाल समाज द्वारा पिछले 50 वर्षों से अधिक समय से इस होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसे समाज का सबसे बड़ा आयोजन माना जाता है। कार्यक्रम में भोपाल अग्रवाल समाज के प्रतिष्ठित अग्रबंधुओं के साथ ही शहर के कई विधायक और मंत्री भी उपस्थित रहे और इस रंगारंग आयोजन के साक्षी बने।
गुफा मंदिर लाल घाटी स्थित मानस उद्यान में आयोजित कार्यक्रम में समाज के लोगों ने हर्षोल्लास के साथ फूलों की होली खेली और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। साथ ही पारंपरिक मालवी व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया गया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण वृंदावन से आए कलाकारों द्वारा प्रस्तुत प्रसिद्ध लठमार होली और लड्डू मार होली रही, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। इसके अलावा राधा-कृष्ण की झांकी के साथ मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। बनारस से आए कलाकारों ने भी मसाने की होली, नृत्य और अन्य रंगारंग प्रस्तुतियां देकर माहौल को उत्सवमय बना दिया।
अग्रवाल समाज का यह होली मिलन समारोह देर शाम तक उत्साह और उमंग के साथ जारी रहा।
