
भोपाल। भारतीय जनता पार्टी के भाजपा फॉर विकसित केरलम कार्यक्रम के अंतर्गत केरल के विभिन्न निकायों से आए जनप्रतिनिधियों ने शनिवार को भोपाल स्थित पार्टी प्रदेश कार्यालय का दौरा किया। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कार्यालय परिसर में स्थापित महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर नमन किया तथा संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी ली।
दौरे के दौरान जनप्रतिनिधियों ने पार्टी के मीडिया विभाग, विभिन्न मोर्चा कार्यालयों सहित संपूर्ण कार्यालय का भ्रमण किया और पदाधिकारियों के साथ संवाद कर संगठन की कार्यप्रणाली, जनसंपर्क तंत्र एवं विभिन्न अभियानों के संचालन की जानकारी प्राप्त की। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन सहित अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने अपने प्रवास के दौरान भोपाल नगर निगम के ग्रीन भवन का भी अवलोकन किया, जहां उन्हें शहरी विकास, पर्यावरण संरक्षण और स्मार्ट प्रशासन से जुड़े विषयों पर प्रजेंटेशन दिखाया गया। इसके पश्चात दल ने सुभाष नगर से रानी कमलापति स्टेशन तक मेट्रो ट्रेन में यात्रा कर शहर की आधुनिक परिवहन व्यवस्था का अनुभव भी लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न राज्यों के जनप्रतिनिधियों के बीच प्रशासनिक अनुभवों के आदान-प्रदान, संगठनात्मक समन्वय तथा विकास मॉडल को समझने पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों ने इसे आपसी सीख और बेहतर शासन व्यवस्था की दिशा में एक सार्थक पहल बताया।
