
रीवा। हर घर में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए शासन द्वारा जल जीवन मिशन के तहत बड़े पैमाने पर कार्य कराये जा रहे हैं.
इनके साथ-साथ पीएचई विभाग द्वारा एकल नलजल योजनाओं के माध्यम से कम आवादी वाले गांव में नल से जल पहुंचाया जा रहा है. मऊगंज जिले में पीएचई विभाग द्वारा निर्मित एकल नलजल योजना समारोह पूर्वक ग्राम पंचायत को सौंपी गयी कार्यपालन यंत्री पीएचई संजय पाण्डेय तथा जनपद के सीईओ परमानंद तिवारी ने ग्राम के सरपंच को नलजल योजना हस्तांरित की. कार्यपालन यंत्री ने बताया कि गांव के प्रत्येक घर में नल से कनेक्शन दे दिया गया है. पानी की आपूर्ति के लिए 50 हजार लीटर की क्षमता का सम्पवेल बनाया गया है. इसमें शुद्ध पानी एकत्रित करके गांव में सुबह शाम आपूर्ति की जायेगी. नल जल योजना के संचालन और संधारण में पीएचई विभाग ग्राम पंचायत को पूरा सहयोग करेगा. जलकर की राशि का निर्धारण करके उसे ग्राम पंचायत द्वारा संकलित किया जायेगा. अब कुलबहेरिया गांव में 12 महीनें ग्रामवासियों को स्वच्छ और पर्याप्त पेयजल उनके घर के नल में ही उपलब्ध हो रहा है.
