निमाड़ की धरा से नारी शक्ति को नमन: खंडवा को 609 करोड़ की विकास संजीवनी

खंडवा। शनिवार को निमाड़ का मुख्य केंद्र खंडवा के विधानसभा पंधाना में महिला सशक्तिकरण और विकास की एक नई इबारत का साक्षी बना। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यहाँ आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में 1500-1500 रुपए की राशि अंतरित कर खुशियों की सौगात दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि डबल इंजन की सरकार मातृशक्ति के सम्मान और प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए संकल्पित है।

विकास कार्यों की झड़ी, 609 करोड़ की सौगात :

लाडली बहनों को नकद राशि ही नहीं, मुख्यमंत्री ने खंडवा जिले के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए खजाना खोल दिया। मंच से 609 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों को जोड़ने वाली सड़कें, पुल-पुलिया, पेयजल परियोजनाएं और स्वास्थ्य सुविधाएं शामिल हैं, जो आने वाले समय में निमाड़ की तस्वीर बदलने में मील का पत्थर साबित होंगी।

उमड़ा जनसैलाब, व्यवस्थाएं पड़ीं बौनी :

सीएम के आगमन और लाड़ली बहना सम्मेलन को लेकर जनता में इतना उत्साह था कि प्रशासन की तमाम तैयारियां भी कम पड़ गईं। कार्यक्रम स्थल पर जन-समुद्र उमड़ पड़ा। स्थिति यह बनी कि पांडाल खचाखच भर गया और बैठने की जगह न मिलने पर मातृशक्ति का अभूतपूर्व जज्बा देखने को मिला। कई महिलाएं अपने सिर पर कुर्सियां रखकर भीड़ को चीरती हुई आगे बढ़ीं और जहां जगह मिली, वहीं जम गईं।

सीएम का संदेश: बंद नहीं होगी कोई योजना

विपक्ष के तमाम कयासों पर विराम लगाते हुए मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि लाड़ली बहना समेत कोई भी जनहितैषी योजना बंद नहीं होगी, बल्कि उनका विस्तार किया जाएगा। उन्होंने खंडवा की जनता को आश्वस्त किया कि विकास के मामले में निमाड़ को कभी भी पीछे नहीं रहने दिया जाएगा।

Next Post

बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में गौ कथा का दिव्य समापन, धर्म व गौ संरक्षण का संकल्प सुदृढ़

Sat Feb 14 , 2026
रीवा। बसामन मामा गौवंश वन्य विहार में स्थित श्री रेवासा धाम एवं श्री वृंदावन धाम के पावन सानिध्य में मलूक पीठाधीश्वर राजेंद्रदास महाराज द्वारा आयोजित गौ कथा एवं गौ आधारित प्राकृतिक खेती विषयक दिव्य कथा का तीसरा एवं अंतिम दिवस अत्यंत भावपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ. बड़ी संख्या में उपस्थित […]

You May Like

मनोरंजन