
नीमच। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के अवसर पर जिले में चल रहे मद्य निषेध सप्ताह के तहत नीमच पुलिस ने शुक्रवार को शहर में वाहन रैली निकालकर आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया। रैली के दौरान ‘नशा छोड़ो, जिंदगी जोड़ो’ और ‘नशा नहीं, जीवन चुनें’ जैसे संदेशों के माध्यम से लोगों को नशे से दूर रहने की अपील की गई।
पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल के मार्गदर्शन में वाहन रैली भारत माता चौराहा से शुरू हुई। इसमें रक्षित निरीक्षक अजय सिंह वर्मा, यातायात प्रभारी मलखान सिंह परमार, नारकोटिक्स विंग प्रभारी बलराम रघुवंशी, कैंट थाना प्रभारी सौरव शर्मा, बघाना थाना प्रभारी पुष्पा चौहान सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
रैली के दौरान पुलिसकर्मियों ने पोस्टर और बैनरों के माध्यम से नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं पारिवारिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। नागरिकों और सामाजिक संगठनों ने भी रैली में सहभागिता कर नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया।
8 अक्टूबर तक चलेगा जागरूकता अभियान
मद्य निषेध सप्ताह के तहत 2 से 8 अक्टूबर तक जिले में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के साथ स्वस्थ जीवन, खुशहाल परिवार और सुरक्षित समाज के लिए नशे से दूर रहने का संदेश दिया जा रहा है। नीमच पुलिस ने आमजन से स्वयं नशे से दूर रहने तथा परिवार और समाज को नशामुक्त बनाने के प्रयासों में सहयोग करने की अपील की है।
