चंडीगढ़, 30 अक्टूबर (वार्ता) होशियारपुर आगामी 2 और 3 नवंबर को होने वाली पंजाब राज्य जूनियर खो-खो
चैम्पियनशिप की मेजबानी करेगा, जो रायत बहरा प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में आयोजित की जाएगी। इस
चैम्पियनशिप में राज्य के 15 ज़िलों की अंडर-18 टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। प्रत्येक ज़िला लड़कों और लड़कियों-दोनों वर्गों में टीम उतारेगा। यह प्रतियोगिता खो-खो एसोसिएशन ऑफ होशियारपुर द्वारा आयोजित की जा रही है, जो खो-खो एसोसिएशन ऑफ पंजाब और खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया (केकेएफआई) के तत्वावधान मे होगी।
चैम्पियनशिप का उद्घाटन मुख्य अतिथि डॉ. रवजोत सिंह (कैबिनेट मंत्री, स्थानीय सरकार और संसदीय कार्य
विभाग) और सांसद डॉ. राजकुमार चब्बेवाल की उपस्थिति में विशिष्ट अतिथि शैलेंद्र ठाकुर, प्रिंसिपल,
जीएसएसएस नारू नंगल द्वारा किया जाएगा।
इस नॉकआउट चैम्पियनशिप में भाग लेने वाले ज़िलों में पटियाला, संगरूर, मानसा, बठिंडा, मुक्तसर, फाजिल्का, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, जालंधर, कपूरथला, तरनतारन, अमृतसर, होशियारपुर और गुरदासपुर शामिल हैं। लड़कों के वर्ग में पहला मुकाबला होस्ट टीम होशियारपुर और तरनतारन के बीच खेला जाएगा, जबकि लड़कियों के वर्ग में अमृतसर का सामना जालंधर से होगा।
सुधांशु मित्तल, अध्यक्ष, केकेएफआई ने कहा, “फेडरेशन का विजन खो-खो को एक सच्चे राष्ट्रीय आंदोलन के रूप में स्थापित करना है -जहां राज्य संघों को सशक्त बनाया जाए और युवा खिलाड़ियों के लिए अधिक अवसर निर्मित किए जाएं। पंजाब राज्य जूनियर चैम्पियनशिप जैसी प्रतियोगिताएँ खेल के प्रति बढ़ती रुचि को दर्शाती हैं और हमे जमीनी स्तर की प्रतिभा पहचानने में मदद करती हैं। हमारा संकल्प है कि इन युवा खिलाड़ियों को भारत का प्रतिनिधित्व करने तक पहुँचाने के लिए हर आवश्यक सहयोग दिया जाए।”

