भिंड: शहर के इटावा रोड पर 17वीं बटालियन के पास दोपहर में एक बाइक अचानक आगे जा रहे ई रिक्शा से टकराकर गिर गई। इस घटना में बाइक पर जा रहे दो कांवड़िए गिरने से घायल हो गए। घटना के बाद घायल कांवड़ियों को राहगीरों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती किया गया। लहार निवासी नारायण सिंह बघेल 32 साल अपने साथी मानसिंह बघेल के साथ श्रृंगीरामपुर से कांवड़ लेकर आए थे।
साथियों को कांवड़ देकर वह अगले पड़ाव पर मिलने की बात कहकर बाइक से निकले थे। सुबह 11 बजे 17वीं बटालियन के पास उनकी बाइक आगे जा रहे ई रिक्शा से टकराकर पलट गई। सड़क पर बाइक गिरने से नारायण सिंह और मानसिंह घायल हो गए। वहीं आगे जा रहा ई रिक्शा बाइक की टक्कर लगने से आगे जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराने पर क्षतिग्रस्त हो गया।
