गौतमबुद्धनगर, (वार्ता) दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने गौतमबुद्धनगर में ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के 18 वेयरहाउस और स्टोरों की जांच की। इनमें से 16 प्रतिष्ठानों को अनियमितताओं के चलते सुधार नोटिस जारी किए गए, जबकि तीन खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर 24 और 25 अक्टूबर को चलाए गए अभियान में कई प्रतिष्ठानों पर साफ-सफाई की कमी और जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं होने की खामियां मिलीं।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-तृतीय स्थित बिग बास्केट और ब्लिंकिट के वेयरहाउस तथा जोमैटो हाइपरमार्ट में अनियमितताएं मिलने पर नोटिस जारी किए गए। दादरी स्थित जोमैटो हाइपरमार्ट से पनीर का नमूना लिया गया। सूरजपुर स्थित ब्लिंकिट स्टोर से मूंगफली के दाने और पीजे टीजे टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के स्टोर से तिल के तेल का नमूना संग्रहित किया गया।
नोएडा के सेक्टर-135 स्थित जेप्टो स्टोर के कोल्ड रूम में गंदगी और अव्यवस्था मिलने पर उसका संचालन सुधार होने तक बंद करा दिया गया। संबंधित प्रतिष्ठान को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर नोटिस भी दिया गया। इसके अलावा ग्रेटर नोएडा के पी-1 और पी-3, इटहेरा इकोटेक-4, मथुरापुर और तुगलपुर तथा नोएडा के सेक्टर-128, सेक्टर-62 और शाहदरा सहित विभिन्न स्थानों पर ऑनलाइन स्टोरों की जांच की गई। इनमें जियोमार्ट, जेप्टो, स्विगी, अमेजन और अन्य प्रतिष्ठान शामिल थे।
जांच के दौरान कई स्टोरों पर कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और एक्सपायरी के नजदीक खाद्य पदार्थों को हटाने संबंधी मानक संचालन प्रक्रिया उपलब्ध नहीं मिली। विभाग ने प्रतिष्ठानों को जरूरी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी सहित खाद्य सुरक्षा विभाग के अन्य अधिकारी शामिल रहे। सर्वेश मिश्रा ने कहा कि जिलाधिकारी के निर्देशन में जांच अभियान जारी रहेगा और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए नमूने लेकर जांच कराई जाएगी।
