नयी दिल्ली, 13 जून (वार्ता) संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि ड्रोन आधारित डाक और पार्सल वितरण सेवा के जरिए देश के दूरदराज के गांवों तक तेजी से डाक पहुंचाई जाएगी और इससे डाक सेवाओं को और मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।
श्री सिंधिया ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि हिमाचल प्रदेश में मंडी-रेहड़धार मार्ग पर इंडिया पोस्ट की ड्रोन आधारित डाक एवं पार्सल वितरण सेवा शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में पहले जिस यात्रा में कई घंटे लगते थे, वह अब वास्तविक समय की निगरानी (रियल टाइम ट्रैकिंग) की सुविधा के साथ मात्र सात मिनट में पूरी हो सकेगी।
उन्होंने कहा कि यह पर्यावरण अनुकूल पहल ग्रामीण डाक सेवकों और डाक सहायकों के साथ विभिन्न संवादों के दौरान मिले सुझावों और फीडबैक के आधार पर शुरू की गई है। इसके तहत डाक एवं पार्सल वितरण को अधिक तेज, कुशल और सुलभ बनाया जाएगा, जिससे दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इस सेवा के माध्यम से डाक और पार्सलों की वास्तविक समय में निगरानी की जा सकेगी, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों में डाक सेवाओं की पहुंच और विश्वसनीयता में सुधार होगा। उन्होंने इस पहल को ‘डाक सेवा, जन सेवा’ की भावना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप प्रौद्योगिकी का उपयोग कर डाक सेवाओं को सशक्त बनाया जा रहा है, ताकि तेजी से बदलते भारत के अवसरों और सेवाओं से देश के सबसे सुदूरवर्ती क्षेत्रों को भी जोड़ा जा सके। उनका कहना था कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि देश का कोई भी हिस्सा आधुनिक सेवाओं और विकास के लाभ से वंचित न रहे।
