बीजिंग, 23 मई (वार्ता) चीन के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता माओ निंग ने शुक्रवार को कहा कि चीन वाशिंगटन में इजरायली दूतावास के दो कर्मचारियों की हत्या की कड़ी निंदा करता है।
सुश्री माओ ने एक वक्तव्य में कहा कि “हमने प्रासंगिक जानकारी प्राप्त कर ली है। चीन किसी भी प्रकार की हिंसा की निंदा करता है। हमारा मानना है कि राजनयिकों की सुरक्षा प्रभावी रूप से होनी चाहिए।”
उल्लेखनीय है कि बुधवार रात को वॉशिंगटन के कैपिटल यहूदी संग्रहालय में एक बंदूकधारी ने इजरायली दूतावास के दो कर्मचारियों की गोली मारकर हत्या कर दी। संदिग्ध बंदूकधारी की पहचान 30 वर्षीय एलियास रोड्रिगेज के रूप में हुई है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तारी के दौरान उसने फिलिस्तीन के समर्थन में नारे लगाए थे।
पिछले सप्ताह इजरायल ने गाजा पट्टी में ऑपरेशन गिदोन का रथ के अंतर्गत एक नया हमला किया, जिसके लिए उसका दावा है कि इससे हमास अंततः परास्त किया जा सकेगा। कतर में मध्यस्थता द्वारा युद्धविराम और इजरायली बंधकों को रिहाई के समझौते पर बातचीत के समानांतर ही शत्रुता में वृद्धि हो रही है।

