देश के युवाओं की आवाज कोई दबा नहीं सकता : युवा कांग्रेस

नयी दिल्ली, 06 अगस्त (वार्ता) युवा कांग्रेस ने गुरुवार को यहां ताज होटल के बाहर प्रदर्शन किया और कहा कि उनका मकसद मेटा की ग्लोबल टीम को यह संदेश देना है कि भारत के छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। युवा कांग्रेस के प्रवक्ता वरुण पांडे ने यह जानकारी देते हुए बताया कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के जरिए मेटा की ग्लोबल टीम को यह स्पष्ट संदेश दिया है कि छात्र आंदोलनों से जुड़े वीडियो और सरकार से सवाल पूछने वाली आवाजों को हटाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। संगठन का आरोप है कि छात्र विरोध प्रदर्शनों के वीडियो और सरकार से सवाल पूछने वाली सामग्री हटाई जा रही है, जबकि नफरत और प्रोपेगैंडा से जुड़ी सामग्री को नहीं हटाया जा रहा।

संगठन ने कहा कि मोदी सरकार के कहने पर भारतीय नागरिकों की आवाज को सेंसर करना बंद किया जाना चाहिए। उसका आरोप है कि कॉमेडी, व्यंग्य, राजनीतिक नारों और सरकार की आलोचना करने वाली पोस्ट तेजी से हटाई जा रही हैं। युवा कांग्रेस का कहना है कि यह केवल कुछ पोस्ट हटाने का मामला नहीं, बल्कि भारतीयों के बोलने, आलोचना करने, असहमति जताने और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का प्रश्न है। युवा कांग्रेस ने कहा कि मेटा को राजनीतिक सेंसरशिप का जरिया नहीं बनना चाहिए। संगठन ने लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ नहीं करने, लोगों की आवाज नहीं दबाने तथा नागरिकों से माफी मांगने की मांग की है। प्रदर्शन में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पम्मी सिंह, राष्ट्रीय सह सचिव करण चौरसिया तथा संगठन के अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।

.....

Next Post

भोपाल मेट्रो का नया सिग्नलिंग प्लान कितना सफल? देखिए हमारी ग्राउंड रिपोर्ट

Thu Aug 6 , 2026
भोपाल। भोपाल मेट्रो में नए सिग्नलिंग सिस्टम के लागू होने के बाद अब दोनों दिशाओं में ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को पीक आवर्स में पहले की तुलना में कम इंतजार करना पड़ रहा है। ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया कि सुबह और […]

You May Like