संदिग्ध परिस्थितियों में कक्षा 3 के छात्र की मौत, परिजनों ने लगाया उत्पीड़न का आरोप

मुंगावली: शहर के अशासकीय (प्राइवेट) स्कूलों से लगातार गंभीर मामले सामने आ रहे हैं। अनुशासन के नाम पर बच्चों पर दबाव, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की घटनाएं आए दिन चर्चा में रहती हैं। इसी कड़ी में स्वामी विवेकानंद स्कूल, मुंगावली के कक्षा 3 के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने अशासकीय स्कूलों की कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के मुताबिक 10 वर्षीय तक्ष (कान्हा) कनखरे पुत्र केशव कनखरे, कक्षा 3 का छात्र था। जो शनिवार को करीब 12:30 बजे स्कूल से लौटने के बाद घर की पहली मंजिल पर बने अधूरे निर्माण के हिस्से में दरवाजे की चौखट पर लटका हुआ मिला। परिजन उसे आनन-फानन में अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोपःपरिजनों ने आरोप लगाया कि तक्ष
(कान्हा) को स्कूल में प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी, जिसके चलते वह मानसिक दबाव में था और मजबूरी में उसने आत्मघाती कदम उठाया।
लगातार अशासकीय स्कूलों पर सवाल हो रहे खड़ेः
यह घटना अकेली नहीं है। प्रदेश के कई हिस्सों में अशासकीय स्कूलों से छात्रों की आत्महत्या, मारपीट, फीस वसूली, मानसिक प्रताड़ना जैसे मामले लगातार
सामने आ रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि अशासकीय स्कूलों में न तो पर्याप्त निगरानी होती है और न ही जिम्मेदारी तय की जाती है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की अनदेखी और नियमों के पालन में लापरवाही के चलते ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं। तक्ष (कान्हा) की मौत के बाद क्षेत्र में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा और उनके मानसिक स्वास्थ्य को लेकर अशासकीय स्कूलों पर कड़ी निगरानी
आवश्यक है। परिजन मांग कर रहे हैं कि जांच निष्पक्ष हो और अगर स्कूल की लापरवाही साबित होती है तो कड़ी कार्रवाई की जाए।
इनका क्या कहना है।
प्रथम दृष्ट्या प्रतीत होता है कि बच्चा खेलते समय रस्सी में उलझ गया, जिससे उसकी मौत हुई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
जोगेन्द्र सिंह यादव, थाना प्रभारी मुंगावली।
बच्चा पढ़ने में कमजोर था क्योंकि सरकारी स्कूल से इसी साल भर्ती हुआ था, परिजनों का कहना था कि बच्चा रात को 3 बजे उठ जाता था बोलता था होमवर्क करवा दो पर परिजनों का कहना था कि हमको ज्यादा कुछ नही आता है हम तो अपने काम धंधे के चक्कर में उठ जाते थे बच्चों द्वारा जो उसको चिढ़ाने परेशान करने की बात है उसको किसी प्रकार की उसने कोई शिकायत विद्यालय में नहीं की थी, विद्यालय की सीसीटीवी फुटेज भी देख रहे है।
आलोक श्रीवास्तव, संचालक स्वामी विवेकानंद स्कूल मुंगावली

Next Post

अंबाह में तीन बच्चों की मां ने फांसी लगाई

Sun Sep 14 , 2025
मुरैना: अंबाह कस्बे के गांधी नगर पूठ रोड पर 30 वर्षीय महिला अंजू सखवार ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। अंजू अपने पति वीरेंद्र सखवार और तीन बच्चों के साथ रहती थीं। मृतका के पति वीरेंद्र ने बताया कि वह खाना खाने के बाद एक शोकसभा में […]

You May Like

मनोरंजन