
भोपाल। कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं और शिकायतों पर सुनवाई की गई. कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने स्वयं जनसुनवाई में उपस्थित होकर लोगों की समस्याएं सुनीं. सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक चली जनसुनवाई में कुल 188 आवेदन प्राप्त हुए. इनमें अवैध कॉलोनियों, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, प्रधानमंत्री आवास योजना में अनियमितता, धोखाधड़ी और पुलिस कार्रवाई न होने जैसी शिकायतें प्रमुख रहीं.
सुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे आवेदकों ने आरोप लगाया कि जिले में अवैध कॉलोनियां विकसित की जा रही हैं और सरकारी जमीनों पर कब्जे बढ़ रहे हैं. लोगों ने कहा कि प्रभावशाली व्यक्तियों के अतिक्रमण पर कार्रवाई नहीं होती, जबकि गरीबों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाती है. शिकायतकर्ताओं ने यह भी बताया कि सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समाधान नहीं होता और कई बार शिकायत वापस लेने का दबाव बनाया जाता है. कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ तथा एडीएम प्रकाश नायक ने सभी प्रकरणों को सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए.
