
भोपाल। शहर के काजीकैंप क्षेत्र में बर्फ की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर एक वीडियो मंगलवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में एक बर्फ डिपो पर खुले में रखी बर्फ की सिल्लियों को दो आवारा कुत्ते चाटते हुए दिखाई दे रहे हैं. यह दृश्य सामने आने के बाद खाद्य सुरक्षा और सार्वजनिक स्वास्थ्य को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है.
जानकारी के अनुसार, राजू साहू बर्फ डिपो में रखी गई बर्फ की सिल्लियां खुले वातावरण में पड़ी थीं. स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसी बर्फ का उपयोग अक्सर ठंडा पानी, शरबत और अन्य पेय पदार्थों में किया जाता है. खुले में रखे जाने के कारण इन सिल्लियों पर धूल, मिट्टी और अन्य गंदगी पहले से ही जमा रहती है, वहीं कुत्तों के संपर्क में आने से संक्रमण फैलने का खतरा और बढ़ जाता है. लोगों ने आशंका जताई कि यदि किसी पशु में कोई संक्रामक बीमारी हो तो उसके जीवाणु या विषाणु बर्फ के माध्यम से लोगों तक पहुंच सकते हैं.
वीडियो वायरल होने के बाद शहर में खुले में बिकने वाली बर्फ की स्वच्छता और गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं. उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी दूषित और रंग बदल चुकी बर्फ की बिक्री के मामले सामने आ चुके हैं.
निगम ने लगाया जुर्माना, दूषित बर्फ कराई नष्ट
मामले की जानकारी मिलते ही नगर निगम के जोन-4 का स्वच्छता अमला मौके पर पहुंचा और जांच के बाद बर्फ विक्रेता पर 2 हजार रुपये का जुर्माना लगाया. साथ ही संदिग्ध एवं दूषित बर्फ की सभी सिल्लियों को जब्त कर नष्ट करा दिया गया. निगम अधिकारियों ने विक्रेता को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में बर्फ को खुले में रखकर बेचने पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
