इंदौर: बाणगंगा थाना क्षेत्र में कार और स्कूटी के आपस में मामूली रूप से टच होने की बात पर दो पक्षों में विवाद हो गया। स्कूटी सवार बदमाश और उसके साथी ने गाली-गलौज करते हुए कार चालक पर लात-घूंसों से हमला कर दिया। बाद में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों को भी बुला लिया और युवक पर पत्थर से वार कर उसे घायल कर दिया। बाणगंगा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना प्रभारी सियाराम गुर्जर ने बताया कि मारपीट की वारदात फरियादी राजकुमार पिता अशोक पिपरैया निवासी नंदबाग कॉलोनी के साथ हुई है। राजकुमार ने थाने पहुंचकर पुलिस को बताया कि वे अपनी कार से क्षेत्र से गुजर रहे थे, तभी उनकी कार वहां मौजूद आरोपी राहुल एक्सएल की स्कूटी से मामूली रूप से टच हो गई।कार टच होने की इस छोटी सी बात पर आरोपी राहुल एक्सएल और उसका साथी उज्जवल निवासी नंदबाग भड़क गए। दोनों ने राजकुमार को रोककर गालियां देना शुरू कर दिया।
जब पीड़ित राजकुमार और उनके साथ मौजूद लोगों ने गाली देने से मना किया, तो दोनों आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया और हाथ, थप्पड़ व लात-घूंसों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।विवाद के दौरान ही आरोपी राहुल एक्सएल और उज्जवल ने फोन कर अपने कुछ अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते आरोपियों के अन्य दोस्त भी वहां पहुंच गए और उन्होंने भी राजकुमार को घेरकर पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच मुख्य आरोपी राहुल एक्सएल ने सड़क पर पड़ा एक भारी पत्थर हाथ में उठाया और राजकुमार पर दे मारा, जिससे उन्हें चोटें आईं। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
