भोपाल। भोपाल मेट्रो में नए सिग्नलिंग सिस्टम के लागू होने के बाद अब दोनों दिशाओं में ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। नई व्यवस्था के तहत यात्रियों को पीक आवर्स में पहले की तुलना में कम इंतजार करना पड़ रहा है। ग्राउंड रिपोर्ट में सामने आया कि सुबह और शाम के व्यस्त समय में मेट्रो हर 15 से 20 मिनट में उपलब्ध है, जबकि बाकी समय यात्रियों को करीब 30 मिनट तक इंतजार करना पड़ रहा है।
हालांकि, मेट्रो सेवा शुरू होने के बावजूद फिलहाल ट्रेनों में ज्यादा भीड़ देखने को नहीं मिल रही। यात्रियों का मानना है कि इसका सबसे बड़ा कारण मेट्रो का सीमित रूट है। अभी मेट्रो शहर के कम हिस्से को कवर कर रही है, इसलिए बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ नहीं ले पा रहे हैं।
ग्राउंड पर मिले यात्रियों ने मेट्रो के सफर को आरामदायक, तेज और सुविधाजनक बताया। उनका कहना है कि कोच साफ-सुथरे हैं और यात्रा का अनुभव बेहतर है। हालांकि, यात्रियों की मांग है कि मेट्रो का रूट जल्द से जल्द शहर के दूसरे इलाकों तक बढ़ाया जाए, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
फिलहाल नई सिग्नलिंग व्यवस्था से ट्रेनों का संचालन पहले से बेहतर हुआ है, लेकिन मेट्रो की वास्तविक सफलता तब मानी जाएगी जब इसका नेटवर्क शहर के बड़े हिस्से तक पहुंचेगा और यात्रियों की संख्या में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिलेगी।
