सीहोर। कुबेरेश्वर धाम में आगामी 14 से 20 फरवरी तक होने वाले रूद्राक्ष महोत्सव के दृष्टिगत भोपाल संभागायुक्त संजीव सिंह, आईजी अभय सिंह, डीआईजी राजेश चंदेल, कलेक्टर बालागुरू के, एसपी दीपक कुमार शुक्ला, कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा, संबंधित अधिकारियों एवं समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की.
बैठक में उन्होंने कहा कि महोत्सव में लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, ऐसे में प्रशासन और आयोजन समिति दोनों की जिम्मेदारी है कि सभी व्यवस्थाएं समय पर, योजनाबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जाएं. किसी भी स्तर पर लापरवाही सीधे श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को प्रभावित करेगी. प्रशासन द्वारा आयोजन समिति को पर्याप्त पार्किंग स्थल की व्यवस्था करने, संकेतक लगाने, भोजन व्यवस्था और इस आयोजन के लिए पर्याप्त संख्या में वॉलेटियर तैनात करने के लिए कहा गया.
अधिकारियों ने निर्देश दिए कि मुख्य मार्गों एवं हाईवे पर यातायात सुचारू रखने के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान लागू किया जाए. पार्किंग स्थलों का स्पष्ट चिन्हांकन कर अलग-अलग जोन निर्धारित किए जाएं तथा आयोजन समिति एवं प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि श्रद्धालुओं को पार्किंग से कथा स्थल तक सुव्यवस्थित आवागमन की सुविधा मिले. भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कार्यक्रम स्थल को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित करने के निर्देश दिए गए. अधिकारियों ने आयोजन समिति एवं प्रशासन को पर्याप्त संख्या में वालंटियर तैयार रखने, उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराने तथा भीड़ प्रबंधन संबंधी आवश्यक प्रशिक्षण दिलाने के निर्देश दिए. फायर सेफ्टी को लेकर फायर ब्रिगेड, अग्निशमन उपकरण एवं आपातकालीन निकास व्यवस्था पूर्ण रूप से उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए.
पेयजल, स्वच्छता एवं विद्युत आवश्यकताओं के संबंध अधिकारियों ने आयोजन स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने, प्याऊ, टोंटीयुक्त नल कनेक्शन एवं जल टैंकरों की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. स्वच्छता के लिए अस्थाई एवं चलित शौचालयों की पर्याप्त संख्या स्थापित कर सफाई कर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने तथा कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए.
