
सारनी। पी एल एस स्कूल के बच्चो ने नगर पालिका पंहुच कर नपा के कामकाज की जानकारी ली. नपा कैसे चलती है बच्चो के सवालों ने सबको प्रभावित किया है. बच्चों ने किताबों में पढ़ी गई बातो को अपनी आंखों के सामने हकीकत में देखा,तो उनके चेहरे पर उत्साह और मन में नई जिज्ञासाओं की चमक साफ दिखाई दी।ग्राम पंचायत सुखाढाना स्थित पीएलएस इंटरनेशनल स्कूल के लगभग 200 विद्यार्थियों ने मंगलवार को नगर पालिका परिषद सारनी एवं जल आवर्धन योजना के अंतर्गत संचालित वाटर प्यूरीफिकेशन प्लांट का शैक्षणिक भ्रमण किया।इस भ्रमण का उद्देश्य बच्चों को प्रशासनिक व्यवस्था और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की पूरी प्रक्रिया से व्यवहारिक रूप से परिचित कराना था।नगर पालिका पहुंचते ही बच्चों के मन में सवालों की झड़ी लग गई। उन्होंने उत्सुकता के साथ पूछा कि जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र कैसे बनाए जाते हैं,चुनाव के दौरान मतदाता सूची कैसे तैयार होती है। निर्वाचन प्रक्रिया किस प्रकार संचालित होती है, नगर पालिका अध्यक्ष की क्या जिम्मेदारियां होती हैं, मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूरे नगर के विभिन्न विभागों का संचालन और शासन की योजनाओं का क्रियान्वयन किस तरह सुनिश्चित करते हैं।नगर पालिका के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बच्चों के हर प्रश्न का सरल और रोचक भाषा में उत्तर दिया.विद्यार्थियों ने अलग-अलग विभागों का निरीक्षण कर जाना कि नागरिकों की छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान किस प्रकार किया जाता है और प्रशासनिक कार्य किस अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ संचालित होते हैं। बच्चों ने कार्यालयीन अभिलेखों, दस्तावेजों और विभिन्न शाखाओं की कार्यप्रणाली को भी करीब से देखा। विद्यार्थियों ने जल आवर्धन योजना के अंतर्गत संचालित वाटर प्यूरीफिकेशन यूनिट का भ्रमण किया। यहां विशेषज्ञों ने उन्हें कच्चे पानी को विभिन्न चरणों से शुद्ध कर सुरक्षित पेयजल में बदलने की पूरी वैज्ञानिक प्रक्रिया समझाई।बच्चों नेफिल्ट्रेशन,क्लोरीनेशन और जल गुणवत्ता परीक्षण की जानकारी बड़े ध्यान से सुनी और स्वच्छ पानी के महत्व को भी समझा।
भ्रमण के अंत में विद्यार्थियों ने कहा कि आज उन्हें किताबों से आगे बढ़कर वास्तविक जीवन की सीख मिली।इस अनुभव ने उनमें प्रशासन,पर्यावरण संरक्षण और जनसेवा के प्रति नई समझ विकसित की। विद्यालय प्रबंधन ने इसे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
इस अवसर पर विद्यालय से केशव गिरी,समैया परवीन, सागर वर्मा,प्रदीप कसेरा, कंचन सोनी,अनिता हिंग्वे, त्रिवेणी डहेरिया एवं निशा गुप्ता सहितशिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।
