ममदानी ने न्यूयॉर्क के 30 लाख अप्रवासियों की रक्षा करने का संकल्प लेते हुए कहा कि आप अधिकारों को जानते हैं तो हम सभी आईसीई के खिलाफ खड़े हो सकते हैं। उन्होंने उन्हें बचने के टिप्स दिए।
न्यूयॉर्क शहर के नवनिर्वाचित मेयर जोहरान ममदानी पुराने तेवर में दिख रहे हैं। खासकर अप्रवासियों को लेकर तेवर फिर साफ कर दिए हैं। ममदानी ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया। इसमें उन्होंने अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन (ICE) के एजेंटों से बात करने या उनकी बात मानने से इनकार करने के अप्रवासियों के अधिकार के बारे में बताया। यह वीडियो संघीय एजेंटों द्वारा मैनहट्टन में छापे के कुछ दिनों बाद आया है।
वीडियो में ममदानी ने न्यूयॉर्क के 30 लाख अप्रवासियों की रक्षा करने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि आप अपने अधिकारों को जानते हैं तो हम सभी आईसीई के खिलाफ खड़े हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि अमेरिका में लोग संघीय आव्रजन एजेंटों से बात न करने, बिना दखल दिए उनका वीडियो बनाने और निजी स्थानों में प्रवेश करने के उनके अनुरोधों को अस्वीकार करने का विकल्प चुन सकते हैं। ममदानी ने कहा, आईसीई एजेंट किसी जज की ओर से हस्ताक्षरित न्यायिक वारंट के बिना घर, स्कूल या कार्यस्थल के निजी क्षेत्र जैसे स्थानों में प्रवेश नहीं कर सकते।
