किगाली (रवांडा) 17 अप्रैल (वार्ता) रवांडा 18 अप्रैल से एक मई तक चलने वाली पहली महिला चैलेंज ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में रवांडा शनिवार को इटली से भिड़ेगा और उसी दिन बाद में दूसरे मैच में नेपाल का मुकाबला अमेरिका से होगा। यह टूर्नामेंट आईसीसी के कैलेंडर में एक नया टूर्नामेंट है, जिसे एसोसिएट महिला टीमों के दूसरे दर्जे की टीमों को मैच खेलने का अनुभव देने के लिए आयोजित किया गया है। मेजबान रवांडा के अलावा इटली, नेपाल, वानुअतु और अमेरिका इस टूर्नामेंट की अन्य टीमें हैं। इसमें कुल 20 मैच खेले जाएंगे। आईसीसी ने एक बयान में कहा, “डबल राउंड-रॉबिन प्रारूप यह सुनिश्चित करता है कि टीमों को अधिक से अधिक मैच खेलने का अनुभव मिले, ताकि आने वाले सालों में वे मजबूत विरोधी टीमों के खिलाफ़ खेलने के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकें। यह आईसीसी की उस प्रतिबद्धता के अनुरूप है जिसके तहत वह अपने सभी सदस्यों के लिए प्रासंगिक और प्रतिस्पर्धी क्रिकेट उपलब्ध कराना चाहता है, और इसके साथ ही वह लगातार महिला क्रिकेट को आगे बढ़ाने की दिशा में भी काम कर रहा है।”
ये मैच गहांगा क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे। इस स्टेडियम में दो सटे हुए मैदान हैं जहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होते हैं – गहांगा क्रिकेट स्टेडियम मेन ओवल और गहांगा क्रिकेट स्टेडियम ओवल बी।
रवांडा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष स्टीफन मूसाले ने कहा, “यह टूर्नामेंट रवांडा क्रिकेट के विकास का एक सबूत है, और हमारे स्टेकहोल्डर्स, पार्टनर्स और खेल मंत्रालय के लगातार सहयोग के बिना यह मुमकिन नहीं हो पाता। हम प्रशंसकों आपसे अपील करते हैं कि आप गहांगा स्टेडियम के स्टैंड्स को अपनी एनर्जी और जोश से भर दें। आइए, हमारी खेल यात्रा के इस ऐतिहासिक पड़ाव पर अपनी टीम का हौसला बढ़ाते हुए हम पूरी दुनिया को रवांडा की मेहमाननवाजी की गर्मजोशी दिखाएं।”
