
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग और मंत्री लखन पटेल ने बुधवार को भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान दोनों मंत्रियों ने कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए विभिन्न मामलों पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्रियों ने बताया कि जिन समस्याओं का मौके पर निराकरण संभव था, उनका तत्काल समाधान कराया गया। वहीं, जिन मामलों में विस्तृत प्रक्रिया की आवश्यकता है, उन्हें संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई और शीघ्र निराकरण के लिए भेजा गया।
विश्वास सारंग और लखन पटेल ने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनके माध्यम से प्राप्त सभी जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के माध्यम से जनता की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
