इंदौर: स्वाद और सेहत का बेहतरीन मेल माने जाने वाले पायनापल की इंदौर की चोइथराम मंडी में इन दिनों अच्छी आवक बनी हुई है. दक्षिण भारत के राज्यों केरल और तमिलनाडु से बड़ी मात्रा में आने वाले पायनापल के कारण मंडी में इसकी कीमतें सामान्य बनी हुई हैं.वर्तमान में थोक बाजार में पायनापल 50 से 60 रुपये प्रति किलो के भाव से बिक रहा है, जबकि खुदरा बाजार में इसकी कीमत 80 से 90 रुपये प्रति किलो तक पहुंच रही है.
चोइथराम मंडी के थोक फल व्यापारी कुणाल नागपाल ने बताया कि पायनापल ऐसा फल है जिसे लगभग हर मौसम में खाया जा सकता है. इसकी मांग पूरे वर्ष बनी रहती है, क्योंकि यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषक तत्वों से भरपूर होता है. उन्होंने बताया कि दक्षिण भारत से नियमित आपूर्ति होने के कारण इंदौर में उपभोक्ताओं को ताजा और अच्छी गुणवत्ता का पायनापल आसानी से उपलब्ध हो जाता है. उन्होंने कहा कि वर्तमान में मंडी में पायनापल का थोक भाव 50 से 60 रुपये प्रति किलो है, जबकि परिवहन, भंडारण और खुदरा विक्रेताओं के खर्च के कारण बाजार में यही फल 80 से 90 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है.
स्वास्थ्य के लिए क्यों है फायदेमंद
डॉ अमित लोधी के अनुसार पायनापल में विटामिन-सी, फाइबर, मैंगनीज और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं. यह शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने, पाचन तंत्र को बेहतर बनाने, त्वचा को स्वस्थ रखने और शरीर को ताजगी प्रदान करने में मददगार माना जाता है. इसके नियमित और संतुलित सेवन से स्वास्थ्य को कई लाभ मिल सकते हैं.
मांग बनी हुई है…
मंडी व्यापारियों का कहना है कि मौसम के अनुसार फलों की मांग में बदलाव आता रहता है, लेकिन पायनापल अपनी पौष्टिकता और स्वाद के कारण हर मौसम में पसंद किया जाता है. अच्छी आवक के चलते फिलहाल इसकी कीमतें भी उपभोक्ताओं की पहुंच में हैं, जिससे खरीदारी में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है.
