भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 में भारत के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी उपलब्धियों को देश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय खिलाड़ी सीमा तथा पुरुष +110 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक हासिल करने वाले लवप्रीत सिंह को शुभकामनाएं दीं।
साथ ही उन्होंने आज झाबुआ जिले के थांदला में आयोजित राज्य स्तरीय स्व-सहायता समूहों के क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी भी साझा की।मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स-2026 की महिला डिस्कस थ्रो स्पर्धा में भारत की प्रतिभाशाली बेटी सीमा ने कांस्य पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि सीमा की मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रदर्शन ने करोड़ों भारतीयों को गौरवान्वित किया है तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं व्यक्त कीं।
मुख्यमंत्री ने पुरुष +110 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाले लवप्रीत सिंह को भी बधाई देते हुए कहा कि उनकी यह उपलब्धि दृढ़ संकल्प, अथक परिश्रम और उत्कृष्ट प्रदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि खिलाड़ी भविष्य में भी देश का नाम रोशन करेंगे।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने बताया कि वे शनिवार को झाबुआ जिले के थांदला में आयोजित राज्य स्तरीय स्व-सहायता समूहों के क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम में शामिल होंगे। उन्होंने इसे महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और प्रदेश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कार्यक्रम में सहभागिता की जानकारी साझा की।
