38 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मारपीट और जहर पिलाने का आरोप

छतरपुर। लवकुशनगर में 38 वर्षीय कल्पना (नम्रता) त्रिपाठी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने भाजपा नेता पप्पू गर्ग, रमेश पाण्डेय, राजू पाण्डेय सहित अन्य लोगों पर घर में घुसकर मारपीट करने और जबरन जहर पिलाने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मृतका के पति रामनारायण त्रिपाठी के अनुसार, उन्होंने चार वर्ष पहले चंदला रोड स्थित श्मशान घाट के पास एक मकान खरीदा था, जिसे लेकर देवपुर निवासी रमेश पाण्डेय से लंबे समय से विवाद चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि बीती दोपहर विवाद के दौरान आरोपी उनके घर पहुंचे, महिला के साथ मारपीट की और उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिवार का कहना है कि इस विवाद को लेकर पहले भी कई बार पुलिस और प्रशासन को आवेदन दिए गए थे, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

लवकुशनगर थाना प्रभारी अजय अंबे ने बताया कि महिला की मौत के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि परिजनों द्वारा लगाए गए मारपीट और जहर पिलाने के आरोपों की जांच जारी है। वहीं, जिन लोगों पर आरोप लगाए गए हैं, उनका पक्ष अभी सामने नहीं आया है।

दूसरे पक्ष ने एसपी से लगाई निष्पक्ष जांच की गुहार

कल्पना त्रिपाठी की संदिग्ध मौत के मामले में अब दूसरा पक्ष भी सामने आया है। बुधवार दोपहर अवध कांत गर्ग, अपने भाई पप्पू गर्ग के समर्थन में सैकड़ों ग्रामीणों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एसपी को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच कराने की मांग की। दूसरे पक्ष का कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए और तथ्यों के आधार पर ही आगे की कार्रवाई की जाए।

 

 

Next Post

फंदा जनपद शिक्षा समिति की बैठक, स्कूलों की मरम्मत और शिक्षा की गुणवत्ता पर चर्चा

Thu Jul 30 , 2026
भोपाल। राजधानी की जनपद पंचायत फंदा शिक्षा समिति की बैठक बुधवार को अरेरा कॉलोनी स्थित शासकीय नवीन स्कूल में हुई. बैठक में जनपद फंदा के उपाध्यक्ष मलखान सिंह ठाकुर की अनुमति से विकासखंड शिक्षा अधिकारी फंदा विजेता सूर्यवंशी ने एजेंडा रखा. जनपद पंचायत फंदा ब्लॉक शिक्षा समिति के सभापति व […]

You May Like