शिवपुरी: शिवपुरी जिले के भौंती कस्बे में बिजली विभाग के एक अधिकारी से परेशान होकर एक युवक सब-स्टेशन के टॉवर पर चढ़ गया। पगरा गांव के रहने वाले वीरेंद्र झा ने अधिकारी पर कनेक्शन का लोड बढ़ाने के बदले में बार-बार रिश्वत मांगने का आरोप लगाया, जिससे कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। वीरेंद्र टॉवर पर चढ़ा और लगभग चार घंटे तक यह हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा।
घटना की सूचना मिलते ही भौंती थाना प्रभारी मनोज राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लगातार समझाइश, बातचीत और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाने के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा गया।युवक को थाने ले जाया गया, जहां अधिकारियों ने उसे उसकी शिकायत पर सुनवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद समझा-बुझाकर उसे घर भेज दिया गया।
