अभद्रता मामले में पुलिस ने बस मालिक और कंडक्टर को लगाई फटकार
पुलिस की सराहनीय पहल, यात्री के साथ हुई अभद्रता पर की तुरंत कार्रवाई
इंदौर: पुलिस की संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का एक उदाहरण शुक्रवार को सामने आया. नागपुर, महाराष्ट्र से इंदौर राधास्वामी सत्संग में आए विजय प्रहलाद राय पंजवानी ने एक बस कंडक्टर की अभद्रता की शिकायत की, जिस पर इंदौर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत कार्रवाई की.जानकारी के अनुसार विजय पंजवानी अपने परिवार के साथ खंडवा रोड स्थित राधास्वामी आश्रम में ठहरे हुए थे. शुक्रवार सुबह जब वे खंडवा रोड के राजदीप चौक से रेलवे स्टेशन जाने के लिए एक निजी बस में सवार हुए, तो कंडक्टर ने उनसे 20 किराया मांगे, जबकि अन्य यात्रियों से 10 रुपए लिए गए. जब पंजवानी ने इसका विरोध किया, तो कंडक्टर ने गाली-गलौज और अभद्रता शुरू कर दी.
इस घटना की शिकायत विजय पंजवानी ने पुलिस कंट्रोल रूम में की. सूचना मिलते ही छोटी ग्वालटोली थाने के प्रधान आरक्षक संजय पासवान और आरक्षक शिवकुमार गोस्वामी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आवेदक से संपर्क किया. पुलिस ने बस को खोजकर कंडक्टर को पकड़ लिया और थाने ले जाकर उसे फटकार लगाई. पुलिस की सख्ती के बाद बस कंडक्टर ने अपनी गलती स्वीकार कर माफी मांगी. घटना की जानकारी मिलने पर बस मालिक भी थाने पहुंचे और महाराष्ट्र निवासी यात्री से माफी मांगते हुए कंडक्टर को कड़ी फटकार लगाई. इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से प्रभावित होकर विजय पंजवानी ने पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह से मुलाकात की और छोटी ग्वालटोली थाने के पुलिसकर्मियों के कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की.
पुलिसकर्मियों को नगद पुरस्कार
पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने प्रधान आरक्षक संजय पासवान और आरक्षक शिवकुमार गोस्वामी को उनकी तत्परता और संवेदनशीलता के लिए 1500-1500 का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. पुलिस कमिश्नर ने कहा कि इस प्रकार के सराहनीय कार्य न केवल पुलिस विभाग का गौरव बढ़ाते हैं, बल्कि आम जनता के साथ बेहतर संबंध स्थापित करने में भी मददगार होते हैं. उन्होंने अन्य पुलिसकर्मियों को भी इसी तरह तत्परता और संवेदनशीलता से कार्य करने का संदेश दिया
