सतना:मंगलवार को उचेहरा के जनपद पंचायत सभागार में आयोजित खण्ड स्तरीय जनसुनवाई में कलेक्टर सतना डॉ. सतीश कुमार एस द्वारा 19 आवेदकों की समस्स्यायें सुनी गई। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित सर्वाधिक प्रकरण आए। इसके अलावा जाति प्रमाण पत्र, राजस्व सहित अन्य कई समस्याओं के आवेदन जनसुनवाई में आये। कलेक्टर ने समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर एसडीएम सुमेश द्विवेदी, नायब तहसीलदार चन्द्रप्रकाश त्रिवेदी, परमानंद तिवारी, मुकेश साहू, जनपद सीईओ ओपी अस्थाना सहित उप खण्ड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने जिले के खण्ड एवं तहसील स्तर पर आकस्मिक रूप से मंगलवार को जनसुनवाई में शामिल होने का नवाचार प्रारंभ किया है। पिछले मंगलवार को कलेक्टर ने तहसील रामपुर बघेलान में अचानक पहुंचकर जनसुनवाई की।
कलेक्टर ने उचेहरा सिविल अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
कलेक्टर डॉ. सतीश कुमार एस ने मंगलवार को जनसुनवाई के बाद सिविल अस्पताल उचेहरा पहुंचकर निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित आउटसोर्स एजेंसी के प्रतिनिधियों को मौके पर तलब किया। कलेक्टर ने अस्पताल में स्वच्छता व्यवस्था में सुधार के निर्देश दिए तथा साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। कलेक्टर ने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों को स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है। कलेक्टर द्वारा इस संबंध में नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल के निर्माणाधीन नवीन भवन का भी जायजा लिया और निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश निर्माण एजेंसी को दिए
