
पांढुरना, कृषि उपज मंडी की संभागीय उड़नदस्ता टीम ने आज फिर बैतूल से बिना अनुज्ञा के गेंहू लादकर हैदराबाद जा रहे ट्रक को नगर के बायपास मार्ग पर पकडते हुए ट्रक चालक से 86 हजार से भी अधिक के राशि का जुर्माना वसूल किया गया।
उल्लेखनीय हो कि बीते कुछ महीनों से बैतूल के व्यापारियों द्वारा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से सांठगांठ कर कृषि उपज गेंहू बिना अनुज्ञा के महाराष्ट्र तथा हैदराबाद भेज रहें है,जिससे शासन को लाखों रुपयों के टैक्स की हानी हो रहीं है। यह बात मंडी बोर्ड के अधिकारियों के संज्ञान में आते ही ऐसे व्यापारियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करने के निर्देशों के तहत आज फिर कृषि उपज मंडी की जबलपुर टीम की उड़नदस्ता टीम ने नगरीय सीमा से लगे ग्राम भंदारगोंदी देवखापा के पास नागपुर भोपाल मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक क्रमांक एम एच 40 सीएम 6018 को रोककर जांच करने पर इस ट्रक में साढ़े तीन सौ क्विंटल गेंहू लद्दा हुआ था,मंडी की उडऩदस्ता टीम द्वारा ट्रक चालक से इस कृषि उपज को परिवहन करने के संदर्भ में जानकारी मांगने पर ट्रक चालक कोई भी पुख्ता दस्तावेज नहीं दे पाया ।
उड़नदस्ता टीम द्वारा इस ट्रक को जब्त कर आगे की कार्यवाही के लिए स्थानीय कृषि उपज मंडी के अधिकारियों को सौंप दिया,मंडी के अधिकारियों ने ट्रक चालक आदिल खान ने यह गेंहू बैतूल जिले के मुलताई के बोरदेही के व्यापारी का होना तथा इसे हैदराबाद ले जाने की बात बताई,मंडी के अधिकारियों ने जुर्माने के रूप में ट्रक चालक से 86 हजार से अधिक की राशि का जुर्माना वसूल कर कार्यवाही की है।
गौरतलब हो कि एक सप्ताह पूर्व भी इसी संभागीय उड़नदस्ता टीम द्वारा ग्राम सिवनी के पास बैतूल के एक व्यापारी का गेंहू से लदा हुआ ट्रक पकड़ इस व्यापारी से भी 85 हजार से अधिक की राशि का जुर्माना वसूल किया था ।
