नयी दिल्ली, 27 जुलाई (वार्ता) दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार शाम को हुई बारिश के कारण सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार धीमी पड़ गई। शाम को दफ्तरों से छुट्टी के समय हुई इस बारिश की वजह से घर लौट रहे लोगों को कुछ परेशानियां भी उठानी पड़ी।बारिश के कारण इंडिया गेट और आरके पुरम समेत शहर की कई मुख्य सड़कों पर गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 8:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच दिल्ली के रिज इलाके में सबसे ज्यादा 19.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।इसके अलावा लोधी रोड में 11.5 मिमी, सफदरजंग में आठ मिमी और राजघाट में 6.9 मिमी बारिश दर्ज की गई।सफदरजंग मौसम केंद्र में दिन का अधिकतम तापमान 38.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.2 डिग्री ज्यादा था। वहीं न्यूनतम तापमान 28.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.3 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार, दिन भर हवा में नमी का स्तर 51 प्रतिशत से 100 प्रतिशत के बीच बना रहा। विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद शाम और रात में भी बारिश का एक और दौर आ सकता है।
बारिश के बाद मंगलवार को अधिकतम तापमान गिरकर 32 से 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।
शाम को हुई बारिश के साथ-साथ दिल्ली के कुछ हिस्सों में 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलीं।
