सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने का आरोप लगाया रजनीश ने

भोपाल, 11 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में आज विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्य रजनीश सिंह ने सिवनी जिले में भीमगढ़ जलाशय बांध से किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए कहा कि इसमें अधिकारियों कर्मचारियों की लापरवाही है।

सदन में ध्यानाकर्षण सूचना के जरिए श्री सिंह ने यह मामला उठाते हुए कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त जल नहीं मिल पाने के कारण फसलें सूखकर नष्ट हो गयी हैं। इसलिए प्रभावित किसानों को सरकार की ओर से मुआवजा भी दिया जाना चाहिए।

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने अपने जवाब में कांग्रेस सदस्य के आरोपों को असत्य बताया और दावा किया कि किसानों को सिंचाई के लिए निर्धारित मात्रा में जल दिया गया है। कांग्रेस सदस्य श्री सिंह ने मंत्री पर असत्य जानकारी देने का आरोप लगा दिया। मंत्री ने कांग्रेस सदस्य की मांग पर घोषणा की कि इस संपूर्ण मामले की जांच एक समिति से करायी जाएगी। इसके बावजूद सदस्य किसानों को मुआवजा देने की मांग पर अड़े रहे।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कांग्रेस सदस्य से कहा कि मंत्री ने जांच कराने की घोषणा कर दी है और वे जांच के दौरान संबंधित लोगों के संपर्क में रहकर अपनी बात रख सकते हैं। इसके बाद कांग्रेस सदस्य श्री सिंह शांत हो गए और सदन की कार्यवाही आगे बढ़ गयी। इसके पहले श्री सिंह विधानसभा परिसर में “गेंहू की बालियां” लेकर पहुंचे और वे इसे सदन में अंदर ले जाना चाहते थे, लेकिन सुरक्षा कर्मचारियों ने उन्हें ऐसा करने से रोक दिया।

 

Next Post

जॉर्डन ने गाजा को बिजली आपूर्ति रोकने के इजरायल के फैसले की निंदा की

Tue Mar 11 , 2025
अम्मान, 11 मार्च (वार्ता) जॉर्डन के विदेश मंत्रालय ने इजरायल के उस फैसले की कड़ी निंदा की है, जिसमें उसने गाजा को बिजली की आपूर्ति रोक दी है ताकि हमास पर बंधकों को रिहा करने का दबाव बनाया जा सके। मंत्रालय के बयान के अनुसार, इजरायल का यह फैसला फिलिस्तीनियों […]

You May Like