नयी दिल्ली 17 मार्च (वार्ता) राज्यसभा में साेमवार को निजी अस्पतालों में गैर जरुरी जांच और अनावश्यक सर्जरी का मामला उठा और इस पर काबू पाने की मांग की गयी।
भारतीय जनता पार्टी के ईरण्ण कडाडी ने सदन में “सभापति की अनुमति से उठायें गये मामले” के अंतर्गत कहा कि निजी अस्पतालों में मरीजों की गैर जरुरी जांच की जा रही है और अनावश्यक सर्जरी हो रही हैं। उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में चिकित्सकों का वेतन अस्पताल के कारोबार से जाेड़ा जा रहा है। इससे चिकित्सक अधिक से अधिक परीक्षण और सर्जरी पर जोर दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि निजी अस्पतालों में अप्रशिक्षित डाक्टरों की तैनाती की जा रही है।
श्री कडाडी ने कहा कि स्वास्थ्य बीमा के कारण निजी अस्पताल मरीजों का शोषण कर रहे हैं। मरीजों की फर्जी सर्जरी की जा रही हैं और दावे किये जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे चिकित्सकों और निजी अस्पताल पर शिकंजा कसा जाना चाहिए और स्वास्थ्य बीमा योजनाओं में हो रहे धांधली को रोकने के लिए सख्त कदम उठाये जाने चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी के रत्नजीत प्रताप नारायण सिंह ने राज्यसभा में इंडिया गेट गोलचक्कर में पार्किंग नहीं होने का मामला उठाया और इसके समाधान की मांग की। श्री सिंह ने कहा कि इंडिया गेट गोलचक्कर पर उच्चतम न्यायालय, दिल्ली उच्च न्यायालय और पटियाला अदालत हैं जहां पूरे देश से वकील और अन्य लोग आते हैं। इसके अलावा इंडिया गेट पर विश्व भर से पर्यटक भी आते हैं लेकिन इस क्षेत्र में कोई निर्धारित पार्किंग नहीं है जिसके कारण वाहनों को सड़क पर खड़ा करना पड़ता है। इससे न केवल आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है बल्कि वकील और अन्य लोगों को अदालतों तक पहुंचने में भी विलम्ब होता है। उन्होंने कहा कि इंडिया गेट पर पार्किंग के लिए स्थान निर्धारित किया जाना चाहिए।
जनता दल युनाईटेड के संजय कुमार झा ने बिहार में मखाना की खेेेेती में किसानों की कठिनाईयों का मामला उठाया और कहा कि मखाना की खरीद के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया जाना चाहिए और सरकारी एजेंसियों को इसकी खरीद करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मखाना की खेती को प्रधानमंत्री फसल बीमा याेजना में भी शामिल किया जाना चाहिए।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की फौजिया खान ने कहा कि स्कूल बसों और अन्य वाहनों में सीट बेल्ट अनिवार्य किया जाना चाहिए। स्कूल वाहनों के लिए अलग नीति बनायी जानी चाहिए।
आम आदमी पार्टी के अशोक कुमार मित्तल ने ब्रिटिश काल में रखे गये स्थानों और संस्थानों के नामों को परिवर्तित करने की मांग हैं। उन्होंने कहा कि उच्च न्यायालयों, सडकों, विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों के नाम बदले जाने चाहिए। उन्होंने कहा कि ब्रिटिश काल के अफसरों के कब्रों के संरक्षण के लिए जनता का पैसा व्यय किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इलाहाबाद का नाम तो प्रयागराज कर दिया गया है लेकिन उच्च न्यायालय, विश्वविद्यालय और रेलवे स्टेशन का नाम अभी भी इलाहाबाद ही है। इन्हें भी बदला जाना चाहिए। इन नामों को बदलने के लिए संसद की एक समिति का गठन किया जाना चाहिए। दिल्ली की कई सड़कों और स्थानों का उल्लेख किया जिन्हें अंग्रेज अफसरों के नाम से जाना जाता है। उन्होंने कहा कि इन्हें शीघ्र बदला जाना चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी की संगीता यादव ने महिला वित्तीय समावेशन बढ़ाने की मांग की। उन्हाेंने कहा कि महिला वित्तीय समावेशन के लिए बैंकों और स्व सहायता समूह की मदद की जानी चाहिए। महिलाओं को प्रशिक्षण भी दिया जाना चाहिए।
नामित सदस्य सतनाम सिंह संधु ने कहा कि प्रवासी भारतीयों का राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान हैं। भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में प्रवासी भारतीयों की मुख्य भूमिका होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि प्रवासी भारतीयों की संपत्तियों पर कब्जा किया जा रहा है इसलिए सरकार को प्रवासी भारतीयों की संपत्तियों के संरक्षण की नीति बनानी चाहिए।