जिनेवा, 10 अप्रैल (वार्ता) लॉस एंजिलस ओलंपिक 2028 में 351 पदक स्पर्धाएं आयोजित की जायेगी। जोकि पिछले पेरिस ओलंपिक की तुलना में 22 अधिक हैं।
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के कार्यकारी बोर्ड (ईबी) ने बुधवार को लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक खेलों के लिए कार्यक्रम और एथलीट कोटा को मंजूरी दे दी है। लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट के अलावा चार अन्य खेलों स्क्वैश, फ्लैग फुटबॉल, बेसबॉल/सॉफ्टबॉल और लैक्रोस भी शामिल हैं।
आईओसी ने कहा कि सभी टीम खेलों में महिला और पुरुषों की टीमों के बराबर होंगी, जो कि ओलंपिक इतिहास में पहली बार है। आईओसी ने कहा कि एथलीट कोटा और स्पर्धाओं की संख्या तय करते समय लैंगिक समानता को ध्यान में रखा गया। प्रारंभिक खेल कार्यक्रम में, महिला एथलीटों की संख्या 5,333 और पुरुष एथलीटों की संख्या 5,167 है।
इस ओलंपिक में तीरंदाजी, एथलेटिक्स (4 गुणा100 मीटर मिश्रित रिले), गोल्फ, जिम्नास्टिक, नौकायन तटीय समुद्र तट स्प्रिंट और टेबल टेनिस में मिश्रित स्पर्धाओं का भी किया गया है।
तैराकी में, 50 मीटर बैकस्ट्रोक, बटरफ्लाई और ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में पुरुष और महिला दोनों ही स्पर्धाएँ होंगी।
नौकायन में, महिला एकल (सीडब्ल्यू1एक्स), पुरुष एकल (सीएम1एक्स) और मिश्रित युगल स्कल्स (सीएक्स2एक्स) तटीय समुद्र तट स्प्रिंट में अपनी शुरुआत करेंगे। बास्केटबॉल 3गुणा 3 में, भाग लेने वाली टीमों को प्रत्येक वर्ग में आठ से बढ़ाकर 12 टीमें कर दिया गया है।
